अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दुनियाभर में करोड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास, योगमय हुआ विश्व

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को भारत ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व योगमय हो गया। भारत में न केवल मैदानी इलाकों में, बल्कि हिमालय की गोद से लेकर समुद्र की लहरों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, साथ ही 180 से अधिक देशों में योगाभ्यास से पूरी दुनिया योगमय हो गयी।

Jun 21, 2023 - 18:00
 0  297
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दुनियाभर में करोड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास, योगमय हुआ विश्व

नयी दिल्ली, 21 जून 2023, (आरएनआई)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को भारत ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व योगमय हो गया। भारत में न केवल मैदानी इलाकों में, बल्कि हिमालय की गोद से लेकर समुद्र की लहरों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, साथ ही 180 से अधिक देशों में योगाभ्यास से पूरी दुनिया योगमय हो गयी।

योग दिवस की शुरुआत अमेरिका से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तड़के जारी वीडियो संदेश के साथ हुई, जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत ने हमेशा जोड़ने, अपनाने और अंगीकार करने वाली परम्पराओं को पोषित किया है।

मोदी ने कहा, ‘‘हमें योग के माध्यम से विरोधाभासों, बाधाओं और प्रतिरोधों को खत्म करना है। हमें दुनिया के समक्ष ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत करना है।’’

प्रधानमंत्री बुधवार शाम संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। उन्होंने 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘भारत के आह्वान पर योग के लिए दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ आना ऐतिहासिक व अभूतपूर्व है।’’

मोदी ने कहा कि इस बार का योग दिवस इस मायने में विशेष है कि आर्कटिक और अंटार्कटिक स्थित भारत के शोध केंद्रों पर अनुसंधानकर्तओं ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

भारत में लद्दाख की ऊंचाई से लेकर केरल में जल की गहराई तक तथा आईएनएस विक्रांत से लेकर वंदेभारत एक्सप्रेस तक में योग दिवस का आयोजन किया गया। देश की राजधानी दिल्ली में संसद भवन परिसर तथा पुराना किले में भी योग साधकों ने योगाभ्यास किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने योग को पूरे विश्व के लिए भारत की एक महान सौगात करार देते हुए ट्विटर पर योगाभ्यास करते तस्वीर साझा की।

उन्होंने कहा, ‘‘योग हमारी सभ्यता की महान उपलब्धियों में से एक है और पूरे विश्व के लिए भारत की एक महान सौगात है। योग, शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करता है। योग, जीवन के प्रति एक समग्र दृष्टिकोण है।’’ मुर्मू ने ट्वीट किया, ‘‘योग हमारे जीवन में बढ़ती चुनौतियों का सामना करने के लिए हम सभी को और अधिक सक्षम बनाता है।’’

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने योग को विश्व एकता का प्रतीक करार देते हुए भारतवासियों और दुनिया के लोगों से स्वास्थ्य अनुशासन के तौर पर इसे अपनाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विश्व-बंधुत्व के संदेश का दिवस है और इस वर्ष का विषय ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’ हमारी साझा आकांक्षाओं और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।

गृह राज्यमंत्री हर्ष सांघवी ने बुधवार को दावा किया कि गुजरात के सूरत में एक स्थान पर एक लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग कर ‘‘नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’’ कायम किया है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि पूरे राज्य में योग दिवस कार्यक्रमों में अनुमानित 1.25 करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ ने यहां भारत के पहले स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर सवार नौसेना कर्मियों के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह भारत के लिए गर्व की बात है कि आज विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है और यह दिखाता है कि हमारी समृद्ध संस्कृति व विरासत को वैश्विक स्तर पर स्वीकार किया जा रहा है और अपनाया भी जा रहा है।’’

विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और राज्यपालों ने देश के विभिन्न हिस्सों में योगासन किये। दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों- हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मांडविया और पीयूष गोयल तथा दिल्ली के राज्यपाल वी. के. सक्सेना ने विभिन्न योग समारोहों में हिस्सा लिया।

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने राजभवन में योगासन किया जबकि अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ले. जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनायक ने भी योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों को अपनी स्वस्थ जीवनशैली में इसे नियमित रूप से शुमार करने की सलाह दी।

गोवा में जी-20 की पर्यटन मंत्रीय स्तर की बैठक के लिए जुटे प्रतिनिधियों ने भी राजभवन में विभिन्न आसन और प्रणायाम किये।

हालांकि योग दिवस राजनीतिक विवाद से अछूता नहीं रहा और विपक्षी कांग्रेस ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को याद किया। कांग्रेस ने कहा कि योग को लोकप्रिय बनाने में नेहरू की भूमिका महत्वपूर्ण रही है तथा उन्होंने योग को राष्ट्रीय नीति का हिस्सा बनाया।

कांग्रेस ने योग और शीर्षासन करते नेहरू की तस्वीर भी जारी की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.