हरियाणा: BJP जीती तो यह देश का अंतिम चुनाव होगा : संजय सिंह
संजय सिंह बोले कि आज देश तानाशाही के दौर से गुजर रहा है। आप नेता एवं सांसद संजय सिंह ने कुरुक्षेत्र में प्रेसवार्ता की।

कुरुक्षेत्र (आरएनआई) इस चुनाव में बीजेपी जीती तो देश का यह आखिरी चुनाव होगा। आरक्षण के साथ-साथ संविधान को भी खत्म कर दिया जाएगा। आज देश तानाशाही के दौर से गुजर रहा है, जिसका भाजपा सरकार ने सबसे बड़ा सुबूत दिल्ली के तीन बार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में डालकर दिया है। यह कहना है आप के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह का।
वे मंगलवार को कुरुक्षेत्र के एक होटल में पत्रकारवार्ता कर रहे थे। उनके साथ वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा, गठबंधन प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता, पूर्व मंत्री बलबीर सैनी व जिलाध्यक्ष विशाल खुब्बड़ भी रहे।
उन्होंने कहा कि जहां सरकारी स्कूलों में मकड़ी के जाले लगे रहते थे आज वहां दिल्ली के स्कूलों में एयर कंडीशनर कमरे, एथलेटिक ग्राउंड बने हुए हैं। केजरीवाल ने मोहल्ला क्लीनिक का मॉडल दिया। फरिश्ते स्कीम लेकर आए, बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराई, महिलाओं के बस यात्रा मुफ्त की और एक हजार रुपये प्रति महीना आर्थिक सहायता की योजना शुरू की।
बिजली और पानी मुफ्त का सपना सच करके दिखाया। इसके बावजूद उन्हें बिना वजह जेल में डाल दिया गया और वहां भी उनसे किसी को मिलने तक नहीं दिया जा रहा। उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल को भी उनसे मिलने से रोका जाता है। उनकी गिरफ्तारी से पूरा देश खफा है। ऐसे में लोग भाजपा को वोट से जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र तो वैसे भी धर्मयुद्ध में श्री कृष्ण, पांडवों, न्याय के साथ खड़े रहे। आज धर्म की लड़ाई के साथ अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी और डॉ. सुशील गुप्ता खड़े हैं, जिन्हें जनता भरपूर समर्थन देगी।
संजय सिंह ने कहा कि आंदोलन के दौरान 750 किसानों ने शहादत दी। अब इसका बदला हरियाणा के लोगों को लेना है। लोग भाजपा के 400 पार के नारे से गुमराह होने वाले नहीं है।
भाजपा ने 10 साल में न हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी दी, न लोगों के खाते में 15 लाख रुपये आए और न ही किसानों की आमदन दोगुनी हुई। इनके सभी वादे झूठे ही निकले। इस दौरान पिपली ब्लॉक समिति के चेयरमैन विक्रमजीत सिंह चीमा आप में शामिल हुए।
संजय सिंह ने कहा कि देश की जनता ने इंडिया गठबंधन पर भरोसा जताया तो चुनाव के बाद सांझी चर्चा की जाएगी, जिसमें ही प्रधानमंत्री का नाम तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाण प्रदेश में अभी विधानसभा चुनावों तक गंठबंधन पर कुछ कहना सही नहीं है, लेकिन यह स्पष्ट है कि गठबंधन बेहद मजबूत है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






