28 दिन बाद मिला मोंटाना के नेशनल पार्क की झील में डूबे भारतीय युवक का शव
कैलिफोर्निया में रहने वाले भारतीय युवा सिद्धांत पाटिल छह जुलाई को अमेरिका के मोंटाना राज्य में ग्लेशियर नेशनल पार्क में दोस्तों के साथ हाइकिंग करने गए थे। हाइकिंग के दौरान पाटिल एक बड़ी चट्टान पर थे, तभी उनका पैर फिसल गया। संतुलन खोने के कारण सिद्धांत एवलांच क्रीक में पानी के नीचे चले गए।

वॉशिंगटन (आरएनआई) अमेरिका के मोंटाना स्थित ग्लेशियर नेशनल पार्क की झील में डूबे भारतीय युवक का शव रविवार सुबह एवलांच क्रीक के पास मिला। रेंजरों ने घाटी में एक चट्टान के पास से शव को बरामद किया। कपड़ों और गियर के जरिये शव की पहचान की गई।
कैलिफोर्निया में रहने वाले भारतीय युवा सिद्धांत पाटिल छह जुलाई को अमेरिका के मोंटाना राज्य में ग्लेशियर नेशनल पार्क में दोस्तों के साथ हाइकिंग करने गए थे। हाइकिंग के दौरान पाटिल एक बड़ी चट्टान पर थे, तभी उनका पैर फिसल गया। संतुलन खोने के कारण सिद्धांत एवलांच क्रीक में पानी के नीचे चले गए। कुछ देर के लिए सिद्धांत फिर से सतह पर आए और फिर धारा के साथ बहकर घाटी में चले गए।
सिद्धांत के लापता होने के बाद आस-पास के इलाकों में तैनात हेलिकॉप्टरों की मदद से तलाशी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। हेलीकॉप्टरों ने नाले और आस-पास के क्षेत्र का हवाई सर्वे किया गया। 10 से अधिक रेंजरों ने नाले के किनारे पैदल खोज में जुटे रहे। लापता सिद्धांत की तलाश के लिए बीते 10 जुलाई को एवलांच क्रीक के ऊपर ड्रोन भी उड़ाया गया था। हालांकि, इसमें भी असफलता हाथ लगी।
रविवार सुबह एक पर्यटक ने घाटी के नीचे एवलांच क्रीक में एक शव को देखा। इसकी सूचना उन्होंने रेंजर्स को दी। इसके बाद रेंजर्स ने शव की खोजबीन शुरू की। काफी देर तक चली खोजबीन के बाद शव को बरामद कर लिया गया। उसकी पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए और डेंटल रिकॉर्ड जांच की जाएगी।
सिद्धांत के चाचा प्रीतेश चौधरी ने बताया कि अमेरिकी रेंजर अधिकारियों ने शव मिलने की सूचना दी है। उन्होंने रेंजर्स और भारतीय अमेरिकी समुदाय के नेता प्रेम भंडारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भंडारी बीते 27 दिन से शव की खोज के लिए हमारी मदद कर रहे थे। सिद्धांत के शव को भारत भेजने की औपचारिकता पूरी कराने के लिए परिजनों ने भंडारी को नामित किया है। प्रेम भंडारी ने कहा कि पार्क के अधिकारियों ने शव को तलाश करने में काफी मदद की। वे 28 दिन से शोक ग्रस्त परिवार को सांत्वना देते हैं। अब शव को जल्द ही भारत लाया जाएगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






