श्रीराधा वृन्दावन चंद्र की शोभायात्रा में उमड़ा जन सैलाव
फूल बंगला, रंगोली, हरिनाम संकीर्तन एवं विद्युत सज्जा बनी आकर्षण का केन्द्र

वृन्दावन। वृन्दावन चंद्रोदय मंदिर में आयोजित त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव के द्वितीया दिवस पर भगवान् श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र की शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वर्ण प्रभा युक्त रथ में विराजमान श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र ने सहज ही अपने भक्तों को दर्शन देकर, उन्हें मंत्रमुग्ध किया। इस शोभायात्रा से पूर्व भक्तों ने विभिन्न प्रकार के पुष्पों का चयन कर मंदिर प्रांगण एवं रथ को विशेष प्रकार के पुष्पों से सुसज्जित किया।
त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव की श्रंखला में चंद्रोदय मंदिर में आयोजित शोभायात्रा के दौरान ठाकुर श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र को विशेष रूप से निर्मित वस्त्रों को धारण करा, भक्तों द्वारा पालकी में विराजमान कर, मंदिर के गर्भ ग्रह से शोभायात्रा के लिए, पुष्पों से सुसज्जित रथ पर विराजमान किया। इसके पश्चात स्वर्ण प्रभा युक्त रथ पर विराजित श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र की नजर उतार, रथ के समझ सोहनी सेवा की गयी। नरसिम्हा आरती के पश्चात भक्तों ने राधा वृन्दावन पर पुष्पों की वर्ष एवं जय जयकार करते हुए, उन्हें सम्पूर्ण मंदिर प्रांगण का भ्रमण कराया।
इस उत्सव में शोभायात्रा के पश्चात भक्तों द्वारा राधा वृन्दावन चंद्र के समक्ष दामोदर अष्टकम का गान प्रस्तुत करते हुए, दीपदान कर, शुभाशीष प्राप्त किया गया। आज के इस पावन पर्व पर इस्कॉन बैंगलेार के विभिन्न केन्द्रों से आये भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन के द्वारा, मंदिर प्रांगण में आने वाले भक्तों को भाव विभार किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कारागार एवं होमगार्ड विभाग श्री धर्मवीर प्रजापति एव गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के विधायक मेघश्याम सिंह जी उपस्थित रहे। इस उत्सव में भाग लेने के लिए मथुरा, आगरा, दिल्ली, नोएडा सहित अन्य शहरों से अनेकों भक्तगण वृन्दावन पहुंचे।
What's Your Reaction?






