शरद पवार ने की कांग्रेस नेता सुशील शिंदे की तारीफ, बोले- हमें राज्य के लिए अभी बहुत काम करना हैं
शरद पवार पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिंदे के 84वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक समारोह में शामिल हुए। जहां पर शरद पवार ने सुशील शिंदे की जमकर तारीफ की।

मुंबई (आरएनआई) एनसीपी(एसपी) के चीफ शरद पवार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे की जमकर तारीफ की है। शरद पवार ने वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे से अपील की कि वह सामाजिक जीवन में सक्रिय बने रहें, ताकि महाराष्ट्र को देश का एक महत्वपूर्ण राज्य बनाया जा सके। शरद पवार पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिंदे के 84वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक समारोह में शामिल हुए। जहां प्रमुख राजनीतिक हस्तियां शामिल हुई थीं।
वरिष्ठ नेता शरद पवार ने कहा, सुशील शिंदे को अपनी उम्र को बहुत गंभीरता से नहीं लेना चाहिए, भले ही वह 84 वर्ष के हो गए हों। मैं उनसे आठ महीने बड़ा हूं। महाराष्ट्र को देश का एक महत्वपूर्ण राज्य बनाने के लिए हमें अभी भी बहुत काम करना है। हमें नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने के लिए सामाजिक जीवन में सक्रिय रहना चाहिए।
2014 में जब वे केंद्रीय गृह मंत्री थे, तब शिंदे ने शरद पवार को अपना "राजनीतिक गुरु" बताया था और कहा था कि उन्हें एनसीपी संस्थापक को प्रधानमंत्री बनते देखकर खुशी होगी। शिंदे के निजी और राजनीतिक जीवन में कई अप्रत्याशित मोड़ आए। सोलापुर में अनुसूचित जाति के परिवार में जन्मे सुशील शिंदे ने एक पुलिस अधिकारी के तौर पर करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद वह राजनीति में आए। धीरे-धीरे कांग्रेस में सीढ़ियां चढ़ते गए और जनवरी 2003 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने।
सुशील शिंदे 1971 में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। वे कई बार विधायक चुने गए। वे 1992 में महाराष्ट्र से राज्यसभा और 1998 में लोकसभा के लिए चुने गए। वे अक्टूबर 2004 से जनवरी 2006 तक आंध्र प्रदेश के राज्यपाल रहे। शिंदे पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार में गृह मंत्रालय और बिजली मंत्रालय का कार्यभार भी संभाल चुके हैं।
हाल के वर्षों में कांग्रेस के दिग्गज नेता सुशील शिंदे को लोकसभा चुनावों में हार का भी सामना करना पड़ा था। वे 2014 और 2019 में सोलापुर लोकसभा सीट से चुनाव हार गए थे। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी बेटी प्रणिती शिंदे सोलापुर लोकसभा से सांसद चुनी गईं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB
What's Your Reaction?






