शरणागति परिसर में संपन्न हुआ रंगारंग होली महोत्सव

Mar 6, 2023 - 22:47
 0  621
शरणागति परिसर में संपन्न हुआ रंगारंग होली महोत्सव
शरणागति परिसर में संपन्न हुआ रंगारंग होली महोत्सव

वृन्दावन। छटीकरा रोड़ स्थित शरणागति परिसर में ठाकुर श्रीनाथजी महाराज का होली बगीचा उत्सव संतों-विप्रों व गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। शरणागति परिसर के अधिष्ठाता श्याम बाबा महाराज व रसिया बाबा महाराज के अलावा कई प्रमुख संतों व धर्माचार्यों ने ठाकुर श्रीनाथजी महाराज के चित्रपट का पूजन-अर्चन अत्यंत विधि विधान व रंग गुलाल के साथ किया। तत्पश्चात प्रख्यात भजन गायकों द्वारा होली से सम्बन्धित पदों,भजनों व रसियों का संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य गायन किया गया।
श्रीमज्जगद्गुरु पीपाद्वाराचार्य बाबा बलरामदास देवाचार्य महाराज व राधावल्लभीय संत रसिकमाधव दास महाराज ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व होली भारतीय वैदिक संस्कृति का अत्यंत पावन व प्रेम पूर्ण त्योहार है। यह सामाजिक सौहार्द्र व समरसता का भी पर्व है।
भागवत भास्कर कृष्णचन्द्र शास्त्री ठाकुरजी महाराज व महोत्सव संयोजक शशिकांत भंडारी ने कहा कि होली का पर्व हमें यह सन्देश देता है कि जिस प्रकार भक्त प्रह्लाद के समक्ष होलिका का कोई महत्व नहीं रहा,उसी प्रकार पुण्य के समक्ष पाप का कोई अस्तित्व नहीं है। सत्य सदैव ही असत्य पर विजय प्राप्त करता है। 
शरणागति परिसर के सेवायत रसिया बाबा व गौसेवी संत गोपेशकृष्ण दास महाराज ने कहा कि जीवात्मा का परमात्मा के साथ महाभाव की स्थिति में अवस्थित हो कर के परमात्मा के साथ मिलन ही यथार्थ की होली है। गोपियां महाभावा स्वरूपा हैं, इसीलिए श्रीकृष्ण रूपी आनंद सिंधु में उनके साथ साक्षात रूप से गोपियां अवगाहन करती हैं।
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गोपाल चतुर्वेदी व यू.पी. रत्न चित्रकार गोविन्द कन्हाई ने कहा कि शरणागति परिसर पुष्टि मार्गीय सम्प्रदाय का प्रमुख केंद्र है। यहां ठाकुरजी की सेवा-पूजा अत्यंत विधि विधान व लाड़ से की जाती है,जो कि अति प्रशंसनीय है।
इस अवसर पर भागवताचार्य संजीव कृष्ण ठाकुरजी, मुकेशमोहन शास्त्री, आचार्य प्रथमेशलाल गोस्वामी, रासाचार्य रामवल्लभ शर्मा, भागवताचार्य अशोक शास्त्री, रासाचार्य अवधेश शर्मा, अशोक व्यास,संत रसराज दास महाराज,महंत भंडारी बाबा, डॉ. राधाकांत शर्मा, अभिषेक कृष्ण शास्त्री, विपिन बापू आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
महोत्सव का समापन रंग-गुलाल व फूलों की जबरदस्त होली, ठंडाई एवं प्रीति-भोज के साथ हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.