विपक्ष ने जहां नाकामियां गिनाई वहीं सत्ता पक्ष ने सफलताओं का गुणगान किया
राज्यसभा में आज विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने जहां सरकार की नाकामियां गिनाई वहीं सत्ता पक्ष ने विभिन्न सरकारी परियोजनाओं का उल्लेख कर सरकार की सफलताओं का गुणगान किया।

नयी दिल्ली, 20 दिसंबर 2022, (आरएनआई)। राज्यसभा में आज विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने जहां सरकार की नाकामियां गिनाई वहीं सत्ता पक्ष ने विभिन्न सरकारी परियोजनाओं का उल्लेख कर सरकार की सफलताओं का गुणगान किया।
कांग्रेस की अमी याज्ञिक ने सदन में विनियोग (संख्या-5) विधेयक 2022 और विनियोग (संख्या -4) विधेयक 2022 पर आगे चर्चा की शुरूआत करते हुये कहा कि मनरेगा के लिए बजट आवंटन में बढोतरी किये जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने खाद्य सुरक्षा कानून बनाया था और लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के उपाय किये थे लेकिन यह सरकार 80 करोड़ लोगों को पांच किलोग्राम अनाज दे रही , क्या इससे लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि देश में लघु एवं सूक्ष्म उद्योग की हालात खराब है। 6.3 करोड़ एमएसएमई में 11 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है लेकिन उनके लिए वित्त की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं है। डिजिटल इंडिया का हवाला देकर सरकार एक के बाद एक कई पोर्टल आदि बना दिये लेकिन एमएसएमई की पहुंच वहां तक है ही नहीं।
भारतीय जनता पार्टी के अरूण सिंह ने कहा कि सरकार की मूल धारणा गरीब और किसान है। सरकार की हर योजना के मूल में गरीब और किसान होता है और उनकी बेहतरी के लिए काम किया जा रहा है। किसानों को उर्वरक पर सब्सिडी देकर उनको राहत पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही किसान सम्मान निधि के माध्यम से भी मदद की जा रही है।
तृणमूल कांग्रेस की डोला सेन ने केन्द्र की विभिन्न सरकारी योजनाओं की आलोचना करते हुये कहा कि केन्द्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग किया जा रहा है। द्रविड मुन्नेत्र कषगम के एस कल्याणपुरम और तेलंगना राष्ट्र समिति के के केशव राव ने भी अपने विचार रखे।
What's Your Reaction?






