रूस का यूक्रेन पर मिसाइल हमला, डर के चलते सरकार ने रोकी बिजली आपूर्ति
यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री हरमन हलुश्चेंको ने लोगों से सुरक्षित पनाहगाहों में जाने की अपील की और सरकार की तरफ से दिए जाने पर वाले अपडेट पर नजर रखने को कहा।

कीव (आरएनआई) रूस ने यूक्रेन पर बड़ा मिसाइल हमला किया है। इसके चलते यूक्रेन ने बचाव के लिए अपने कई शहरों में बिजली की आपूर्ति बंद कर दी है। यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री ने फेसबुक पर लिखा कि 'दुश्मन देश यूक्रेन के लोगों को डराने में लगा है।'
यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री हरमन हलुश्चेंको ने लोगों से सुरक्षित पनाहगाहों में जाने की अपील की और सरकार की तरफ से दिए जाने पर वाले अपडेट पर नजर रखने को कहा। यूक्रेन की सरकारी बिजली कंपनी यूक्रेनगो ने बताया कि कई शहरों में बिजली आपूर्ति रोक दी गई है। जिन इलाकों में बिजली आपूर्ति रोकी गई है, उनमें खारकीव, सूमी, पाल्टोवा, जापोराजिया आदि क्षेत्र शामिल हैं। रूस ने बुधवार सुबह को मिसाइलों से हमला किया। इन हमलों में यूक्रेन के पश्चिमी लीव क्षेत्र में ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया। लीव शहर के मेयर ने यह जानकारी दी। हालांकि इस हमले में किसी तरह से बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
यूक्रेन की वायुसेना ने भी रूस की तरफ से कई मिसाइलें दागे जाने का दावा किया है। हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान का कोई दावा नहीं किया गया है। रूस द्वारा लगातार यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले किए जा रहे हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध को अगले महीने तीन साल का समय पूरा हो जाएगा। इस युद्ध का असर न सिर्फ रूस और यूक्रेन, बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ा है। इस युद्ध ने वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला को बाधित किया है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। युद्ध के चलते भारत समेत दुनिया के कई देशों को रूस से होने वाली एलएनजी की आपूर्ति प्रभावित हुई, जिससे ऊर्जा का संकट पैदा हुआ।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






