नहर पटरी के किनारे मिला बुजुर्ग का शव

शाहाबाद, हरदोई। (आरएनआई) बेहटा गोकुल इलाके में नहर पटरी के किनारे एक अधेड़ का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के ही लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। गांव के ही लोग अधेड़ को अपने घर ले गए थे। दूसरे दिन सुबह उसका शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के हसनापुर निवासी रामभरोसे का नहर पटरी के किनारे संदिग्ध अवस्था में शव पड़ा मिला। मृतक के बेटे का आरोप है कि उसके घर कमलदेव व शिवशरण आए और वह उसके पिता को अपने साथ लेकर चले गए। जब देर रात तक वह अपने घर वापस नहीं लौटे तो अर्जुन आरोपियों के घर देखने गया। इस दौरान वह कमलदेव के घर शिवशरण और दो अन्य लोगों के साथ दिखे। इस पर अर्जुन ने पिता रामभरोसे से कहा कि घर चलिए तो आरोपियों ने कहा कि आज ये यही रहेंगे। उन्होंने यह कहकर उसके पिता को अपने घर में रोक लिया। जिसके बाद उनका बुधवार की सुबह नहर पटरी के किनारे संदिग्ध अवस्था में शव पड़ा मिला। जिनके चेहरे व हाथ में चोट के निशान और गले में रूमाल बंधा मिला है। मृतक के पुत्र ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि ये ग्राम हसनापुर थाना बेहटा गोकुल में है। जहां 65वर्षीय रामभरोसे का शव नहर के किनारे उतराता मिला है, जिनके मुंह से ब्लड और चेहरे पर चोट के निशान है। परिजनों ने गांव के ही एक दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जायेगी।
What's Your Reaction?






