युवक की मौत पर हिंदूवादी संगठनों का हंगामा

हनुमान चौराहे पर किया चक्काजाम; आरोपियों के घर न तोड़े जाने से थे नाराज

Jul 5, 2023 - 15:00
 0  4.1k

गुना। शहर के कैंट इलाके में युवक की हत्या के मामले में बुधवार को फिर हंगामा हो गया। प्रशासन ने आरोपियों की अवैध होटल को बुधवार को तोड़ दिया। अतिक्रमण हटाने के बाद टीम रवाना हो गयी। इसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा कर दिया। उनका कहना है कि प्रशासन ने घर पर बुलडोजर नहीं चलाया। केवल एक होटल तोड़कर कार्यवाई की इतिश्री कर ली। इससे नाराज हिंदूवादी संगठनों ने पहले कैंट थाने के सामने हंगामा किया, फिर हनुमान चौराहे पर जाकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

बता दें कि कैंट थाना इलाके के घोसीपुरा में रहने वाला राजू ग्वाल (35) पुत्र बाबूलाल ग्वाल सोमवार रात 10 बजे होटल में खाना खाने गया था। होटल कैंट थाने के पास ही है। यहां उसका होटल मालिक से किसी बात पर झगड़ा हो गया। होटल मालिक और उसके साथियों ने राजू पर लाठी और फरसे से हमला कर दिया। परिवार के लोगों ने घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। तड़के 3 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

राजू की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिवार और हिंदू संगठन के लोग जिला अस्पताल में जमा हो गए। वह कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे। लोगों का कहना था कि शहर में इस तरह के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला और कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। नागरिकों की मांग थी कि आरोपियों के गरों पर बुलडोजर चलाया जाए। उनकी दुकान भी तोड़ी जाएं। वह सब अतिक्रमण कर बनाया गया है।

गुना विधायक गोपीलाल जाटव भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने परिवार वालों को सांत्वना दी। साथ ही प्रशासन से भी बात की। सिविल सर्जन, SDM, CMO को अस्पताल में ही बुलवाया। वहां तय हुआ कि आरोपियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। 24 घंटे में अवैध निर्माण संबंधी कार्यवाई की जाएगी। साथ ही विधायक ने CM हाउस भी बात की। उन्होंने पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया। जब प्रशासन ने आरोपियों के घरों पर नोटिस चिपकाए, तब जाकर सभी लोग राजी हुए और बॉडी को घर लेकर गए।

बुधवार को 24 घंटे की मोहलत खत्म होने के बाद प्रशासन की JCB मौके पर पहुंची। वहां आरोपियों की अवैध होटल को गिरा दिया। इसके बाद JCB वापस चली गयी। उसके जाते ही हिंदूवादी संगठन फिर इकट्ठे हो गए। उनका कहना था कि केवल होटल तोड़कर प्रशासन ने खानापूर्ति कर ली। उनके घरों को नहीं तोड़ा गया। नाराज कार्यकर्ताओं ने कैंट थाने के सामने हंगामा कर दिया। वहां जाम लगा दिया। इसके बाद कार्यकर्ता हनुमान चौराहे पर पहुंच गए। यहां भी जमकर नारेबाजी की गई। संगठनों ने चौराहे पर जाम लगा दिया। थोड़ी देर में ही प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को पकड़कर वज्र में बिठाना शुरू कर दिया और उन्हें थाने भेज दिया। बाकी के लोग तितर-बितर हो गए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow