मौसम: कश्मीर में बर्फबारी से जमीं सड़कें, तमिलनाडु में बारिश; यूपी, एमपी समेत 11 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट
देश में मौसम का मिजाज बदल गया है। कश्मीर में बर्फबारी से सड़कें जम गई हैं। यूपी, एमपी और दिल्ली समेत उत्तर भारत के 11 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट है। वहीं, दक्षिण भारत में भारी बारिश हो रही है।

नई दिल्ली (आरएनआई) देश में मौसम का मिजाज बदल गया है। कश्मीर में बर्फबारी से सड़कें जम गई हैं। इससे हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही रुक गई है। कई जगह तापमान 10 डिसे से भी नीचे चला गया है। मौसम विभाग की ओर से यूपी, बिहार एमपी और दिल्ली समेत उत्तर भारत के 11 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दक्षिण भारत में भारी बारिश हो रही है।
11 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में तापमान सामान्य से काफी नीचे है, जबकि राजस्थान के सीकर और चूरू जैसे इलाकों में पारा माइनस में पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बिहार और झारखंड के कई शहरों में भी तापमान तेजी से गिरा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इन राज्यों में ठंड के बढ़ने और शीतलहर जारी रहने की संभावना जताई है।
हिमाचल में भी ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति जिले के कीलॉन्ग में एक नदी जम गई है। नदी के ऊपर बर्फ चमकता नजर आ रहा है। वहीं, ताबो में पारा -11.3 डिग्री तक पहुंच चुका है। कुल्लू, चंबा और कांगड़ा में हल्की बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों में मौसम साफ रहेगा, जिससे मैदानी इलाकों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।
तमिलनाडु में गुरुवार को भारी बारिश हुई। चेन्नई और आसपास के जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए। कर्नाटक के बेंगलुरु में भी बारिश के चलते ट्रैफिक बाधित हुआ। केरल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखी गई। मौसम विभाग ने तमिलनाडु में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से 16 दिसंबर को तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में कई जगहों पर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में हिमालय से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। अयोध्या में सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 3°C तक गिर गया। लखनऊ और वाराणसी जैसे शहरों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने 11 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक ठंड के और बढ़ने के आसार हैं।
बिहार में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। गया, पटना और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 5°C तक दर्ज किया गया। कई जिलों में घने कोहरे के चलते रेल और सड़क यातायात पर असर पड़ा है। ग्रामीण इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों तक शीतलहर का प्रकोप बना रहा सकता है। लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश में ठंड के साथ शीतलहर का प्रकोप जारी है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। 33 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी भोपाल में स्कूलों की समय-सारिणी बदल दी गई है, और 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे से लगाई जा रही हैं। मैनपाट और पचमढ़ी जैसे पर्यटन स्थलों पर ओस की बूंदें जमने लगी हैं।
छत्तीसगढ़ में ठंड तेजी से बढ़ रही है। रायपुर में न्यूनतम तापमान 10°C तक गिर गया है। यह पिछले एक दशक में दिसंबर के महीने का सबसे कम तापमान है। मैनपाट और सरगुजा जैसे इलाकों में पाला जमने लगा है। मौसम विभाग की ओर से चेतावनी दी गई है कि ठंड का असर अगले 3 दिनों तक बना रहेगा। कोरबा और बिलासपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में भी सुबह के समय ठिठुरन बढ़ गई है।
दिल्ली में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ, जब तापमान 4.5 डिग्री तक गिर गया। पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। फतेहपुर (सीकर) का पारा माइनस 1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। इन राज्यों में शीतलहर का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा।
असम, मेघालय, और त्रिपुरा के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। नगालैंड और मणिपुर में दृश्यता कम होने के कारण सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, नॉर्थ ईस्ट के इन राज्यों में अगले दो दिनों तक कोहरा जारी रहेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






