पंजाब में शाम पांच बजे 55.20 फीसदी मतदान

पंजाब (आरएनआई) पंजाब की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। पंजाब में इस बार प्रमुख रूप से चार दलों के 52 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है, लेकिन कई सीटों पर बहुकोणीय होने के चलते मुकाबला रोचक बना हुआ है।
चंडीगढ़ में पांच बजे तक 62.8 फीसदी मतदान
चंडीगढ़ में शाम पांच बजे तक 62.8 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं पंजाब में 55.20 फीसदी मतदान हो चुका है।
लुधियाना के आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अशोक पराशर पप्पी के बेटे ने दावा किया कि कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग उनके घर आए थे, चाय पी और अपना समर्थन पप्पी को दे दिया। इस पर भाजपा के रवनीत बिट्टू ने कहा कि वे तो पहले ही कह रहे थे कि आप और कांग्रेस अंदरखाते आपस में मिले हुए हैं। इसके बाद राजा वड़िंग ने वीडियो जारी करके इन चर्चाओं का खंडन किया और साफ किया कि वे अभी भी चुनाव मैदान में हैं और उन्होंने किसी को भी समर्थन नहीं दिया है। जनता ऐसी नापाक हरकतें करने वालों का सबक सिखाएगी।
कपूरथला में पोलिंग स्टेशन के बाहर बुजुर्ग गले में तख्ती डालकर पहुंचा। 72 वर्षीय बुजुर्ग अरुण जलोटा ने तख्ती पर राष्ट्रपति से वोटिंग के अधिकार को बहाल करने की मांग की है। बुजुर्ग पिछले काफी वर्षों से वोट डालता रहा था, लेकिन इस बार गलती के कारण उसका यह अधिकार छिन गया। बुजुर्ग के अनुसार उसके पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति की मौत हो गई थी, लेकिन वोट बनाने और काटने के समय गलती से उसको मृत घोषित कर उसकी वोट काट दी गई। जिस से वह इस बार वोट नहीं कर पाया।
चंडीगढ़ के मलोया पोलिंग बूथ पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पुलिस पार्टी के पोलिंग एजेंट को खाना नहीं देने दे रही। वहीं भाजपा के लोगों को खुली छूट दी गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






