पंजाब में जानलेवा हुई गर्मी, 48.3 डिग्री पारे में झुलसे लोग
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन पंजाब में कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। लेकिन इस दौरान लू का कहर भी बरकरार रहने का अनुमान है। इस संबंध में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट की संभावना जताई है।

चंडीगढ़ (आरएनआई) नौतपा में पंजाब में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। फरीदकोट 48.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। बठिंडा में गंभीर लू और अमृतसर, पटियाला, लुधियाना, आदमपुर, हलवारा, फरीदकोट में लू का कहर जारी रहा। वहीं, बरनाला में पीआरटीसी की वर्कशॉप में काम कर रहे मैकेनिक की गर्मी के कारण तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। राहत की बात है कि हिमाचल में मौसम ने करवट ली है और यहां चोटियों पर बर्फबारी हुई है।
पंजाब के न्यूनतम तापमान में 3.3 डिग्री की बड़ी वृद्धि दर्ज की गई। अब यह सामान्य से करीब 5 डिग्री ऊपर पहुंच गया है। इससे पंजाब में न्यूनतम पारा 32.7 डिग्री पहुंच गया है, जो समराला का दर्ज किया गया। शुक्रवार से भीषण गर्मी से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री, लुधियाना का 45.6, पटियाला का 46.2, बठिंडा का 47.9, गुरदासपुर का 43.0, फिरोजपुर का 45.5, जालंधर का 43.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम पारे की बात की जाए तो यह अमृतसर में 27.9 डिग्री, लुधियाना में 32.0, पटियाला में 31.2 डिग्री, बठिंडा में 25.4 डिग्री, फरीदकोट में 26.5, गुरदासपुर में 26.4, एसबीएस नगर में 28.7, बरनाला का 29.0, जालंधर का 28.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
पंजाब में अब गर्मी जानलेवा भी होने लगी है। बरनाला में पीआरटीसी की वर्कशॉप के एक मैकेनिक की अचानक मौत होने का मामला सामने आया है। बरनाला पीआरटीसी डिपो के एक मैकेनिक की बुधवार शाम ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से असामयिक मृत्यु हो गई। इसकी जानकारी देते डिपो कर्मचारी और मृतक संजीव कुमार के परिवार वालों ने बताया कि संजीव कुमार कच्चा मुलाजिम था, जो आउटसोर्सिंग पर काम कर रहा था। ड्यूटी के दौरान उसकी मौत हो गई है। मृतक संजीव कुमार दो बच्चों का पिता था और उसके परिवार में अब कोई कमाने वाला नहीं है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






