धान खरीद 1 अक्टूबर से 31 जनवरी व बाजरा खरीद 1 अक्टूबर से 31 दिसम्बर, तक की जायेगी--शिशिर कुमार

हाथरस। जिलाधिकारी अर्चना वर्मा द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में जनपद में धान व बाजरा खरीद में प्रगति लाने हेतु जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार द्वारा क्रय संस्था खाद्य विभाग के अन्तर्गत संचालित 02 धान व 04 बाजरा क्रय केन्द्र सादाबाद मण्डी व सहपऊ एट सादाबाद मण्डी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय धान व बाजरा क्रय केन्द्रों के केन्द्र प्रभारी केन्द्र पर उपस्थित मिलेे।
सभी धान व बाजरा क्रय केन्द्रों पर 02 इलेक्टॉनिक कांटा, 01 नमी मापक यंत्र, 01 क्रियाशील ई-पॉप मशीन, 01 छलना, पावर डस्टर एवं पर्याप्त संख्या में बोरे उपलब्ध मिले। समस्त केन्द्रों पर अभिलेख संरक्षित है। कृषकों के बैठने व छाया एवं पानी आदि की व्यवस्था की गई है। अभी क्रय केन्दों पर धान व बाजरा की आवक शून्य है।
उक्त केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिये गये कि कृषकों से सम्पर्क कर धान व बाजरा विक्रय हेतु पंजीकरण में अपेक्षित प्रगति लायंे एवं खरीद प्रारम्भ करना सुनिश्चित करें।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार द्वारा अवगत कराया गया कि इस वर्ष जनपद में धान खरीद 01 अक्टूबर, 2023 से 31 जनवरी, 2024 तक व बाजरा खरीद 01 अक्टूबर, 2023 से 31 दिसम्बर, 2023 तक की जायेगी। धान खरीद हेतु जनपद में कुल 27 क्रय केन्द्र खोले गये हैं जिसमें खाद्य विभाग के 07, यू0पी0पी0सी0एफ0 संस्था के 19 तथा भारतीय खाद्य निगम का 01 क्रय केन्द्र खोला गया है तथा बाजरा खरीद हेतु जनपद में क्रय संस्था खाद्य विभाग के 14 बाजरा क्रय केन्द्र खोले गये है जिसमें 04 बाजरा क्रय केन्द्र नवीन मण्डी स्थल, हाथरस, 02 नवीन मण्डी स्थल, सासनी, 04 नवीन मण्डी स्थल सादाबाद तथा 04 नवीन मण्डी स्थल, सिकन्द्राराऊ में खोले गये हैं। उन्होंने अवगत कराया कि गतवर्ष की भाँति इस वर्ष भी खाद्य विभाग के पोर्टल www.fcs.up.gov.in पर पंजीकृत किसानों से ही खरीद की जायेगी। धान व बाजरा विक्रय हेत पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है। जिन किसानों द्वारा गतवर्ष अपना धान व बाजरा सरकारी क्रय केन्द्रों पर बेचा गया है, वह भी खाद्य विभाग की उक्त बेवसाइट पर अपना मोबाइल नम्बर अथवा आधार नम्बर का प्रयोग कर अपनी सूचना में परिवर्तन अथवा संशोधन कर सकते है। इस वर्ष धान खरीद का समर्थन मूल्य धान कॉमन-रू0- 2183-00 एवं धान ग्रेड ’’ए’’ रू0-2203-00 प्रति कुन्तल व बाजरा का समर्थन मूल्य रू0-2500 प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया है। धान व बाजरा में नमी की अधिकतम मान्य सीमा 17 प्रतिशत है। अतः समस्त किसानों से अनुरोध है कि अपना धान व बाजरा साफ कर एवं सुखाकर क्रय केन्द्र पर लायें। किसानों से खरीदे गये धान व बाजरा का भुगतान उनके खातें में पी0एफ0एम0एस0 के माध्यम से करा दिया जायेगा।
जनपद में धान विक्रय हेतु कृषकों द्वारा 691 कृषकों द्वारा पंजीकरण कराया गया है जिसके सापेक्ष 669 पंजीकरण एवं बाजरा विक्रय हेतु कृषकों द्वारा 513 कृषकों द्वारा पंजीकरण कराया गया है जिसके सापेक्ष 188 पंजीकरण उपजिलाधिकारी व तहसीलदार लॉगिन से सत्यापित किया जा चुका है।
What's Your Reaction?






