दिल्ली सीएम केजरीवाल के भाई के घर चोरी: दिनदहाड़े घर में घुसा चोर, टूटियां चोरी कर भाग रहे आरोपी को दबोचा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अबोहर में रहने वाले भाई के घर चोर घुस आया। चोर ने घर से टूटियां चुराई और भागने लगा। भागने से पहले ही आरोपी को दबोच लिया गया।

अबोहर (आरएनआई) आम आदमी पार्टी सुप्रीमो व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भाई के घर चोर घुस गया। अरविंद केजरीवाल के अबोहर निवासी चचेरे भाई महेन्द्र बिंदल के घर शुक्रवार दिनदहाड़े चोर घुस गया। चोर घर की दीवार फांदकर खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर घुस आया और वहां से टूटियां चुरा ली। भागते समय शीशा लगने से चोर लहूलुहान हो गया और पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है।
महेंद्र बिंदल पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट दिखाई दिए। मुख्यमंत्री केजरीवाल के नजदीकी रिश्तेदार मकान मालिक महेन्द्र कुमार बिदंल ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे एक चोर उनके मकान की दीवार फांदकर घर में घुस आया। उनके कमरे की खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर घुसे चोर ने वॉश रूम में लगी टूटियां तोड़कर चुरा ली। वापस मेन गेट से भागने लगा तो सामने के घर वालों ने उसे काबू कर लिया। इसके बाद उन्होंने चोर के बारे सूचना सिटी वन पुलिस को दी।
महेन्द्र कुमार बिदंल ने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो उसके करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस मौके पर ही नहीं पहुंची। इसके बाद उनके बेटे ने जिले की डीसी और एसएसपी को फोन लगाकर घर में चोर घुसे होने की सूचना दी। उनके आदेश पर पुलिस कर्मचारी मौके पर आए और जायजा लेते हुए चोर को शीशा लगने पर उसे घायल अवस्था में देखते हुए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। महेन्द्र बिंदल ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल करते हुए कहा कि शहर में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






