दिल्ली-एनसीआर में छाए बादल... उमस से राहत, बारिश के आसार; अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार और रविवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।

नई दिल्ली (आरएनआई) दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार रात हुई बारिश की वजह से मौसम सुहाना बना हुआ है। आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। बारिश के आसार हैं। इससे पहले गुरुवार को दिन में राजधानी में हल्की बारिश होने से उमस बढ़ गई, जिससे लोग दिनभर परेशान रहे। लेकिन शाम को तेज हवाएं चलने से थोड़ी ठंडक महसूस हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पूरी दिल्ली में 2.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य रहा और न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार और रविवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। इससे अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
गुरुवार को सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में सुबह हल्की फुहार के साथ बारिश हुई। वहीं, दिन भर बादल व सूरज की लुका छिपी का खेल चलता रहा। इसके बाद तेज धूप निकल आई। इससे उमस और बढ़ गई। वहीं, पूसा में 4 मिमी, सफदरजंग में 2.8, लोधी रोड में 2.7, रिज में 0.8, मयूर विहार व डीयू में 0.5 मिमी और पालम में बारिश ट्रेस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान सामान्य 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, शाम को तेज हवाएं चलने से तापमान में कमी देखने को मिली। नमी का स्तर 100 से 72 फीसदी रहा।
राजधानी में आबोहवा संतोषजनक श्रेणी में बरकरार है। बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 53 रहा, जोकि संतोषजनक श्रेणी में है। सर्वाधिक इलाकों में एक्यूआई 100 के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार तक हवा संतोषजनक श्रेणी में बनी रहेगी। सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में नोएडा की हवा सबसे साफ रही। यहां एक्यूआई 40 सूचकांक दर्ज किया गया। यह संतोषजनक श्रेणी में है। गाजियाबाद में 43, ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 65, गुरुग्राम में 81 व फरीदाबाद में 60 एक्यूआई रहा।
अधिकतम तापमान---34.1 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान-----25.4 डिग्री सेल्सियस
शुक्रवार को दिल्ली के मौसम का अनुमान
अधिकतम तापमान---34 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान-----26 डिग्री सेल्सियस
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






