दही-चूड़ा खाने पहुंचे सीएम नीतीश बगैर भोज खाए लौटे
सीएम नीतीश कुमार से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की मुलाकात नहीं होने पर सियासी गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। तंज कसने वाले विपक्ष के नेता कहने लगे कि भोज में आमंत्रित कर चिराग खुद गायब दिखे।

पटना (आरएनआई) आज मक्रर संक्रांति है। पटना में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने पार्टी कार्यालय में चूड़ा-दही भोज का आयोजन करती है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी ने भी प्रदेश कार्यालय में भोज का आयोजन किया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इसमें शामिल होने का न्यौता भी दिया गया था। सीएम कार्यालय की ओर से सीएम नीतीश कुमार के आने का समय 14 जनवरी दोपहर 12 बजे का दिया गया। लेकिन, सीएम नीतीश दो घंटा पहले ही अचानक लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय पहुंच गए। 10 मिनट तक रुकने के बाद सीएम नीतीश कुमार रवाना हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि इस दौरान आमंत्रण देने वाले चिराग पासवान वहां मौजूद ही नहीं थे।
इस घटना के बाद सियासी गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। तंज कसने वाले विपक्ष के नेता कहने लगे कि भोज में एनडीए के सभी नेताओं को आमंत्रित कर चिराग पासवान खुद गायब दिखे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भोज में शामिल होने के लिए पहुंच गए लेकिन चिराग वहां नहीं पहुंच पाए।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष ने सीएम नीतीश कुमार का स्वागत किया। सीएम नीतीश कुमार भी 10 मिनट तक यहां रुके। पार्टी के नेताओं से बातचीत की। इसके बाद बिना भोज खाए ही सीएम नीतीश कुमार रवाना हो गए।
प्रदेश कार्यालय में तय समय के अनुसार चूड़ा-दही भोज कार्यक्रम शुरू हुआ। चिराग पासवान ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्हें खुद से चूड़ा-दही परोसा। इस भोज में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, भाजपा के वरीय नेता व पूर्व सांसद रामकृपाल यादव समेत एनडीए के कई बड़े नेता पहुंचे। चिराग ने सभी का स्वागत किय। चिराग ने बिहारवासियों से कहा कि आप सभी को 'मकर संक्रांति' की हार्दिक शुभकामनाएं। उमंग और उल्लास का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






