झारखंड में घोड़ा बांध टूटने से फल्गु नदी का जलस्तर बढ़ा; जहानाबाद के किसानों में खुशी
किसान सिंचाई विभाग के पदाधिकारियों पर आरोप लगा रहे हैं कि नहर में पानी नहीं आने के कारण किसानों में उदासी छाई हुई है। लोगों का कहना है कि नदी में दोनों छोर पर पानी जा रहा है। लेकिन नहर में पानी की आपूर्ति नहीं की गई।

बेगूसराय (आरएनआई) बिहार से सटे राज्य झारखंड में घोड़ा बांध टूट जाने के कारण पानी का तेज बहाव फल्गु नदी में होने लगा है, जिससे किसानों के चेहरे पर काफी खुशी देखी जा रही है। इलाके में पीने के पानी का जलस्तर कम हो गया था। इतना ही नहीं किसानों को खेती करने में भी परेशानी हो रही थी। अब फल्गु नदी में पानी आ जाने के कारण किसान अपने खेती कार्य में जुट गए हैं। दरअसल, जहानाबाद में बारिश के बाद रविवार को फल्गु नदी में पानी आ गया। इसके कारण पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। यहां लोग पानी के लिए तरस रहे थे। वहीं, नदी में पानी आने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। किसानों को खेती करने में आसानी होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में पानी नहीं आने के कारण जलस्तर काफी नीचे चला गया था। चापाकल ने भी पानी देना बंद कर दिया था। इससे कई गांवों में जल का संकट आ गया था। किसी तरह नल जल के सहारे गांव में पानी सप्लाई की जा रही थी। कई गांव में एक चापाकल से लोग काम चला रहे थे। नदी में पानी आने से जलस्तर ऊपर आ जाएगा। इसके कारण सभी चापाकल भी चलने लगेंगे।
किसानों का कहना है कि धान की रोपनी हम लोग नहीं कर पाए थे। नदी में पानी आ गया, तो धान की रोपनी भी शुरू होगी। लेकिन, किसान सिंचाई विभाग के पदाधिकारियों पर आरोप लगा रहे हैं कि नहर में पानी नहीं आने के कारण किसानों में उदासी छाई हुई है। लोगों का कहना है कि नदी में दोनों छोर पर पानी जा रहा है। लेकिन नहर में पानी की आपूर्ति नहीं की गई, जिसके कारण किसानों में बेचैनी छाई हुई है।
लोगों का कहना है कि सिंचाई विभाग के पदाधिकारियों की उदासीनता के कारण यह हाल है। नहर सूखी पड़ी हुई है। जिला प्रशासन से किसानों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नहर में पानी की आपूर्ति की जाए, जिससे किसान अपना कृषि का काम कर सकें। बताया जा रहा है कि दरधा, मोरहर और बलदईया नदी में भी रविवार की देर रात तक नदी का जलस्तर बढ़ जाएगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?






