जो 14 में आए उनका 24 में PDA करेगा सफाया : अखिलेश यादव
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा लोकतंत्र जिंदा रहेगा, संविधान बचा रहेगा तो हम अपना हक व सम्मान सरकारों से छीन सकते हैं। जो 14 में आए उनका 24 में पीडीए सफाया करेगा।

कानपुर देहात, (आरएनआई) देश में संविधान बचाने के लिए अगर कोई सबसे आगे जोखिम उठाने के साथ-साथ संघर्ष करने को तैयार है तो वह लाल टोपी वाले समाजवादी। संविधान दिवस पर आज हम संविधान बचाने का संकल्प ले रहे हैं। हमारा लोकतंत्र जिंदा रहेगा, संविधान बचा रहेगा तो हम अपना हक व सम्मान सरकारों से छीन सकते हैं। जो 14 में आए उनका 24 में पीडीए सफाया करेगा। ये बातें माती स्थिति मैदान में संविधान बचाओ भागीदारी पाओ महारैली में हुंकार भरते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कही।
कानपुर देहात के माती मुख्यालय में रविवार को संविधान बचाओ, भागीदारी पाओ पीडीए महारैली हुई। रैली में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश व केंद्र सरकार को निशाने पर रखा। कहा कि जो लोग पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्य) के खिलाफ हैं, उन्हें पीडीए की ताहत का एहसास कराना है। अब पीडीए की बात केवल नारे तक नहीं है, पीडीए की जो लड़ाई है वह आगे बढ़ेगी। संविधान के तहत बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने जो संविधान दिया उसके तहत दलित भाइयों को आरक्षण मिला है।
मंडल कमीशन से पिछड़ों को आरक्षण मिला है। मगर इस लड़ाई को और आगे बढ़ाना है। इसके लिए जातिगत जनगणना होनी चाहिए। जिसकी जितनी आबादी, उसका उतना अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। यह लड़ाई बड़ी जरूर है मगर इसमें हमें साथ चाहिए, हम 2024 में इस लड़ाई को जीतेगें। कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर जनता को छला है। किसानाें को न बिजली मिल रही न खाद, किसान पूरी तरह से टूट चुका है। मंहगाई बढ़ी है, बेरोजगार सड़कों पर मारामारा घूम रहा है।
वोट मांगने के समय चना, गेहूं, नमक, तेल का लालच दिखा कर वोट पा लिए। अब वह भी देना बंद कर दिया है। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस लिए होशियार हो जाएं, लोकसभा चुनाव के दौरान लालच में नहीं पड़ना है। संकल्प दिलाया कि जो 14 में आएं हैं उन्हें 24 में वापस भेज देंगे। महारैली को संबोधित करने से पहले अखिलेश ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर, मुलायम सिंह यादव, डॉ. राममनोहर लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इससे पहले सपा नेताओं ने अखिलेश का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पूर्व सांसद राजाराम पाल, पूर्वमंत्री भगवती प्रसाद सागर, सुरेंद्र अग्रवाल, सतीश निगम, पूर्व मंत्री इंद्रजीत कोरी, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया आदि मौजूद रहे।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






