जहरीली होती जा रही दिल्ली की हवा, बहुत खराब श्रेणी में एक्यूआई
दिवाली के बाद राजधानी दिल्ली की हवा और जहरीली हो गई है। दिल्ली में रविवार को प्रदूषण की स्थिति और खराब दर्ज की गई। राजधानी का एक्यूआई फिर से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया है।

नई दिल्ली (आरएनआई) दिवाली के बाद दिल्ली में रविवार प्रदूषण की स्थिति और खराब हो गई और वायु गुणवत्ता एक बार फिर से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी में धुंध की एक पतली परत छाई हुई है, वायु गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है। आनंद विहार, अशोक विहार समेत कई इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी (एक्यूआई 400 से ऊपर) तक पहुंच गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह सात बजे आनंद विहार में एक्यूआई 427, रोहिणी में 404 अशोक विहार में 402, मुंडका 392, द्वारका सेक्टर 8 में 385, बवाना 383, आरकेपुरम 380, आईटीओ 358 दर्ज किया गया है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’, 401 से 450 के बीच ‘गंभीर’ और 450 से ऊपर एक्यूआई को ‘बेहद गंभीर’ माना जाता है।
नवंबर शुरू हो चुका है, लेकिन अब भी सर्दी गायब है। दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों बढ़े हुए हैं। एक सप्ताह के मौसम में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है और न ही पश्चिम विक्षोभ आएगा। इस कारण तापमान में कोई खास गिरावट नहीं होगी। अगले सप्ताह से सुबह कुहासा देखने को मिल सकता है।
अमूमन 2 से 6 नवंबर तक अधिकतम तापमान 30.5 व न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस और 7 नवंबर से 11 नवंबर तक अधिकतम तापमान 29.5 व न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रहता है, लेकिन कुछ सालों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। शनिवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 33.9 और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को तापमान में किसी प्रकार से विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 3 से 8 नवंबर तक अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट आनी शुरू हो सकती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB
What's Your Reaction?






