ग्राम चिलका में बच्चों को शैक्षणिक किट वितरित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष
मानव सेवा के नाम समर्पित रहा जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ का जन्मदिन, धाकड़ ने चिलका पहुंचकर बच्चों को बांटी शैक्षणिक सामग्री, अस्पताल में लगा रक्तदान शिविर, भोजन भी वितरित किया।
गुना (आरएनआई) जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ का जन्मदिन मानव सेवा के प्रति समर्पित रहा। सुबह से ही समर्थकों, मित्रों द्वारा विभिन्न सेवाभावी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वयं सहरिया, आदिवासी बच्चों से मुलाकात की। उनके साथ केक काटा और शैक्षणिक सामग्री वितरित कर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का पुनीत कार्य किया।
जानकारी के मुताबिक जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ के जन्मदिवस पर मानव सेवा से जुड़े कार्यों की शुरुआत सुबह लगभग 11 बजे हुई। अरविंद धाकड़ मित्रमंडल द्वारा सबसे पहले जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों ने रक्त देकर अध्यक्ष के प्रति अपना समर्पण जताया। इसी दौरान अस्पताल परिसर में सेवा भारती द्वारा संचालित रसोई में भी अध्यक्ष समर्थकों एवं मित्रमंडल द्वारा निशुल्क भोजन वितरित किया गया।
सेवा कार्यों की श्रृंखला में वृद्धा आश्रम में भी अरविंद धाकड़ के जन्मदिवस पर वृद्धजनों को भोजन कराया गया। जन्मदिवस के मौके पर तमाम व्यस्तताओं के बीच अरविंद धाकड़ सहरिया बाहुल्य गांव चिलका पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों को बैग, कॉपी, पेन सहित संपूर्ण शैक्षणिक किट भेंट की। अध्यक्ष से शैक्षणिक सामग्री प्राप्त करने वाले बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखते ही बनती थी। श्री धाकड़ ने गांव में ही बच्चों के बीच केक काटा और उनके साथ अपना जन्मदिन मनाया।
इससे पहले वनवासी कन्या आश्रम गुना की छात्रा रोहिनी पिता रामस्वरूप सहरिया को गोद लेकर जन्मदिवस को अविस्मरणीय बनाने का प्रयास भी श्री धाकड़ द्वारा किया गया। इन सामाजिक कार्यों के दौरान बड़ी संख्या में अध्यक्ष समर्थक लोग, मित्रगण और नागरिक मौजूद रहे।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






