क्या सीएम नायडू के बेटे बनेंगे आंध्र के उपमुख्यमंत्री? नारा लोकेश के समर्थन में तेदेपा में उठी आवाज
पार्टी की बैठक में लोकेश को डिप्टी सीएम बनाने के विचार पर चर्चा हुई। अभी तक इसे लेकर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कोई टिप्पणी नहीं की।

अमरावती (आरएनआई) तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) में मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के बेटे और मंत्री नारा लोकेश को उपमुख्यमंत्री के पद पर पदोन्नत करने की मांग बढ़ रही है। नारा लोकेश वर्तमान में मानव संसाधन मंत्रालय संभाल रहे हैं। मौजूदा समय में जनसेना प्रमुख चंद्रबाबू नायडू सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं। आंध्र प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष के. रघुराम कृष्ण राजू ने बताया कि पार्टी नेताओं के बीच लोकेश को डिप्टी सीएम बनाने की मांग बढ़ रही है।
आंध्र प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष के. रघुराम कृष्ण राजू ने कहा, "मेरी जानकारी के अनुसार टीडीपी नेता पार्टी के महासचिव (लोकेश) को डिप्टी सीएम के रूप में देखने के लिए बहुत उत्सुक हैं। यह पार्टी नेताओं की राय है।" टीडीपी के एक वरिष्ठ नेता ने सुझाव दिया कि अगर नारा लोकेश को पवन कल्याण के समान पद दिया जाता है तो जनसेना इससे चिंतित हो सकती है। इस पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री का होगा। उन्होंने आगे कहा कि समय आने पर लोकेश को पार्टी और सरकार दोनों का नेतृत्व करने के लिए तैयार किया जाएगा।
लोगों का विचार है कि लोकेश को उपमुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। यह मांग उनके द्वारा चलाई गई सदस्यता अभियान से शुरू हुई, जिसमें एक करोड़ से अधिक सदस्य बने। अब समय आ गया कि लोकेश को पार्टी के भावी नेता के रूप में पेश किया जाए।
पार्टी की बैठक में लोकेश को डिप्टी सीएम बनाने के विचार पर चर्चा हुई। हालांकि, अभी तक इसे लेकर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कोई टिप्पणी नहीं की। कडप्पा जिले के मायदुकुर में चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में एक बैठक में वरिष्ठ टीडीपी नेता श्रीनिवास रेड्डी ने भी सीएम से युवाओं और पार्टी समर्थकों के बीच विश्वास पैदा करने के लिए लोकेश को डिप्टी सीएम के पद पर पदोन्नत करने की अपील की।
हाल ही में जारी एक वीडियो में टीडीपी प्रवक्ता महासेना राजेश ने इस बात पर निराशा व्यक्त की कि एनडीए को सत्ता में लाने में अहम भूमिका निभाने वाले नारा लोकेश केवल एक मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने भी सीएम नायडू से लोकेश को डिप्टी सीएम बनाने का आग्रह किया। महासेना राजेश ने कहा, "अगर उन्हें (लोकेश को) सीएम बनाने में वक्त लगेगा, तो कोई बात नहीं। कम से कम यह घोषणा करें कि वह अब डिप्टी सीएम हैं और हर सरकारी कार्यालय में उनकी तस्वीर रखें। नारा लोकेश टीडीपी का भविष्य हैं।
इस बीच भाजपा नेता लंका दिनाकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लोकेश की राजनीतिक परिपक्वता और प्रशासनिक क्षमता को स्वीकार किया। भाजपा नेता ने इस बात पर जोर दिया कि गठबंधन के भीतर राजनीतिक निर्णय व्यक्तिगत पार्टियों का विशेषाधिकार बने रहना चाहिए, जब तक कि वे राज्य या राष्ट्र पर नकारात्मक प्रभाव न डालें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






