कांग्रेस को झटका, पूर्व विधायक चिराग पाटिल ने थामा भाजपा का दामन
गुजरात कांग्रेस के पूर्व विधायक चिराग पटेल ने रविवार को भाजपा का दामन थाम लिया। उन्हें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

अहमदाबाद (आरएनआई) कांग्रेस के पूर्व विधायक चिराग पटेल रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली।
चिराग पटेल आणंद जिले की खंभात सीट से पहली बार विधायक बने थे। उन्होंने पिछले साल 14 दिसंबर को राज्य की विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। तब उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व की कार्यशैली पर निराशा जताई थी और पार्टी की राज्य इकाई में गुटबाजी का आरोप लगाया था।
पटेल ने दिसंबर 2022 में राज्य के विधानसभा चुनाव में भाजपा के मयूर रावल को चार हजार के मामूली अंतर से हराया था। चिराग पटेल आज खंभात में एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। गुजरात भाजपा प्रमुख और सांसद सीआर पाटिल ने चिराग को पार्टी में कराया। इस दौरान सीआर पाटिल ने संकेत दिया कि चिराग खंभात सीट से उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार हो सकते हैं। यह सीट उनके इस्तीफे के बाद खाली हो गई थी।
दिन में बोरसद विधानसभा क्षेत्र के सरपंच और बूथ स्तर के कार्यकर्तां सहित करीब ढाई हजार कांग्रेस कार्यकर्ता बोरसद आनंद जिले में भाजपा में शामिल हुए। चिराग पटेल ने अपने भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने देश व राज्य को समृद्ध और एकजुट करने के लिए काम किया है। इससे प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में आने का फैसला किया।
उन्होंने सीआरपाटिल से खंभात के विकास पर खास ध्यान देने का भी आग्रह किया। उन्होंने जलापूर्ति की समस्या का समाधान करने के लिए भाजपा नेतृत्व और विधानसभा सीट के छप्पन गांवों के लिए 160 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी देने के लिए सरकार का आभार जताया।
Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z
What's Your Reaction?






