कन्नौज से अखिलेश यादव ने दाखिल किया नामांकन
लोकसभा चुनाव के लिए अखिलेश यादव ने चार सेट में अपना नामांकन पत्र दायर किया है। जिलाध्यक्ष कलीम खान ने बताया था कि पिछले दो दिनों की रिपोर्ट पार्टी प्रमुख तक पहुंचा दी गई थी। उसी आधार पर अब खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही चुनाव लड़ेंगे।

कन्नौज (आरएनआई) चौथे चरण के लिए 13 मई को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज दोपहर 12 बजे कन्नौज संसदीय सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने चार सेट में अपना पत्र दायर किया है।
उनके साथ प्रो. रामगोपाल यादव, सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान, पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे और पार्टी के प्रदेश सचिव आकाश शाक्य प्रस्तावक के रूप में मौजूद हैं। उनके नामांकन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
कन्नौज लोकसभा चुनाव के लिए सपा उम्मीदवारी को लेकर मचा सस्पेंस एक दिन पहले तक जारी था। बुधवार की शाम यह तय हुआ था कि यहां से सपा के उम्मीदवार अखिलेश यादव ही होंगे। उनके पहले यहां से तेज प्रताप यादव को उम्मीदवकर बनाया गया था।
दो दिन पहले अखिलेश यादव के भतीजे तेज प्रताप यादव को कन्नौज से उम्मीदवार घोषित किया गया था। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी, ये बात पार्टी आलाकमान तक पहुंची। मंगलवार की शाम से ही यह तय माना जा रहा था कि अब अखिलेश यादव ही यहां से चुनाव लड़ेंगे।
बुधवार की शाम इसका बाकायदा ऐलान हो गया है। जिलाध्यक्ष कलीम खान ने बताया था कि पिछले दो दिनों की रिपोर्ट पार्टी प्रमुख तक पहुंचा दी गई थी। उसी आधार पर अब खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही चुनाव लड़ेंगे। नामांकन से पहले पार्टी कार्यालय में सुबह से ही जोरदार तैयारी चल रही हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2X
What's Your Reaction?






