अमेरिका पर टूटा प्रकृति का कहर, कई दिनों की बारिश से बाढ़ का खतरा, तूफान में हो चुकी है 18 लोगों की मौत
केंटकी नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है। रविवार को नदी का जलस्तर 47 फीट तक बढ़ गया। फ्रैंकफर्ट शहर के मेयर ने बताया कि शहर की दीवार 51 फीट तक ऊंची बाढ़ का सामना करने के लिए डिजाइन की गई है।

वॉशिंगटन (आरएनआई) अमेरिका के दक्षिणी और मध्य पश्चिमी इलाके पहले से ही बाढ़ से जूझ रहे हैं। अब कई दिनों से हो रही भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और इससे बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई है। इससे उन समुदायों पर खतरा बढ़ गया है, जो पहले से ही भारी बारिश और आंधी के कारण परेशान है। बता दें कि तूफान और बारिश से अमेरिका के दक्षिणी और मध्य पश्चिमी इलाकों में कम से कम 18 लोगों की मौत हो चुकी है।
अर्कांसस, टेनेसी और केंटकी सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाके हैं और यहां लोगों के घरों में पानी घुस गया है और सड़कें जलमग्न हो गई हैं। केंटकी के फ्रैंकफर्ट में सड़कों पर नाव चलती दिखाईं दी। केंटकी नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है। रविवार को नदी का जलस्तर 47 फीट तक बढ़ गया। फ्रैंकफर्ट शहर के मेयर ने बताया कि शहर की दीवार 51 फीट तक ऊंची बाढ़ का सामना करने के लिए डिजाइन की गई है। अलबामा, जॉर्जिया और फ्लोरिडा में रविवार को पूरे दिन बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इससे लोगों में डर का माहौल है।
बुधवार से शुरू हुए तूफान और बारिश में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 10 लोगों की मौत टेनेसी में हुई है। मिसौरी में एक स्वयंसेवी फायर फाइटर की भी एक दुर्घटना में मौत हो गई। केंटकी में पांच लोगों की जान गई है। राष्ट्रीय मौसम सेवा का कहना है कि कई राज्यों में बाढ़ आने का खतरा है। पहले से ही बाढ़ झेल रहे इलाकों में बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान हुआ है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि भारी बारिश और बाढ़ के लिए गर्म तापमान, अस्थिर वातावरण और खाड़ी से आने वाली नमी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






