अमेरिका ने चीन पर लगाया 104% टैरिफ: क्या भारत पर होगा इसका कोई असर, दुनिया के लिए क्या मायने?
अमेरिका-चीन के बीच व्यापार युद्ध का भारत पर क्या असर हो सकता है? इससे पूरी दुनिया किस तरह प्रभावित हो सकती है? खुद अमेरिका पर कैसे इन टैरिफ का असर होने की संभावना है?

नई दिल्ली (आरएनआई) डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद से अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध तेजी पकड़ चुका है। अपने पहले कार्यकाल (2016-20) में चीन पर 20 फीसदी टैरिफ का एलान करने वाले ट्रंप ने इस बार सत्ता में आने के बाद 2 अप्रैल को ड्रैगन पर फिर 34 फीसदी आयात शुल्क लगाने का एलान कर दिया। इस तरह से अमेरिका की तरफ से चीन पर कुल 54 फीसदी जवाबी टैरिफ लगाया जा चुका है। इसके जवाब में जब चीन ने अमेरिका के खिलाफ भी पलटवार करते हुए समान आयात शुल्क लगाया तो ट्रंप ने चीन से आने वाले उत्पादों पर टैरिफ को 50 फीसदी तक बढ़ा दिया। यानी अब अमेरिका की तरफ से चीन पर कुल 104 फीसदी टैरिफ लगाया जा रहा है।
अमेरिका और चीन के बीच छिड़ी इस जंग को लेकर दुनियाभर में चिंता जाहिर की गई है। दरअसल, पूरी दुनिया की सप्लाई चेन में चीन की अहम भूमिका रही है। ऐसे में अमेरिका की तरफ से बेतहाशा टैरिफ लगाने का एलान भारत पर भी असर डाल सकता है। यह जानना अहम है कि आखिर अमेरिका-चीन के बीच व्यापार युद्ध का भारत पर क्या असर हो सकता है? इससे पूरी दुनिया किस तरह प्रभावित हो सकती है? खुद अमेरिका पर कैसे इन टैरिफ का असर होने की संभावना है?
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध का असर भारत पर भी पड़ने के आसार हैं। इसका असर सकरात्मक और नकारात्मक दोनों स्तर पर हो सकता है।
भारत की तरफ से अमेरिका से ऐसी कई चीजें आयात की जाती हैं, जिनमें चीन का अहम योगदान होता है। उदाहरण के तौर पर विमान, इनके इंजन, आभूषण-रत्न, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, ऑटो क्षेत्र से जुड़े पार्ट्स, आदि। इन सभी उत्पादों के निर्माण के लिए अमेरिका बड़े स्तर पर चीन पर निर्भर है, क्योंकि ऑटो में लगने वाले पार्ट्स से लेकर विमानों के इंजन में लगने वाले हिस्सों तक अमेरिका इनके लिए महत्वपूर्ण और दुर्लभ खनिजों (लिथियम, स्कैंडियम, आदि का आयात चीन से ही करता है। चीन ने भी दुनियाभर में इसकी सप्लाई चेन पर पूरी तरह कब्जा किया है। उदाहरण के तौर पर दुनियाभर में कारों, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों, विमानों और अन्य चीजों में इस्तेमाल होने वाले लिथियम का दुनियाभर में 80 फीसदी निर्यात सिर्फ चीन से ही होता है।
ऐसे में आयात शुल्क लगाए जाने की वजह से चीन से आने वाले कई उत्पाद अमेरिका में महंगे हो जाएंगे। इसका असर भारत समेत सीधे उन देशों पर पड़ेगा, जो अमेरिका से चीन के कल-पुर्जों के जरिए तैयार अंतिम उत्पाद आयात करते हैं। इन सभी चीजों की कीमतें आने वाले समय में महंगी हो सकती है। इतना ही नहीं, अमेरिका-चीन के व्यापार युद्ध से इनकी आपूर्ति में लंबे समय के लिए बाधा भी पैदा हो सकती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






