अमेठी की खौफनाक वारदात: एक ही परिवार के मासूमों समेत मां-बाप की निर्मम हत्या
यूपी के अमेठी में गुरुवार शाम को एक परिवार के चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की है। घटनास्थल पर पुलिस तैनात कर दी गई है। मरने वाले रायबरेली जिले के रहने वाले थे।

अमेठी (आरएनआई) उत्तर प्रदेश की अमेठी में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां बदमाशों ने छोटे-छोटे दो मासूम और उनके माता-पिता को गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया है। बदमाशों को इन मासूम बच्चों पर भी तरस नहीं आया और मासूम बच्चों को गोलियों से भून दिया। इन बच्चों की मृतक मां ने 18 अगस्त को रायबरेली जिले में चंदन वर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मृतका की तहरीर पर आरोपी चंदन पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। गुरुवार मृतका पूनम के दो मासूम बच्चों और उसके पति को गोलियों से भून कर मौत के घाट उतार दिया।
शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के अहोरवा भवानी कस्बे के मुख्य चौराहे पर किराये के मकान में शिक्षक सुनील कुमार (35) पत्नी, दो बच्चों के साथ रहते थे। सुनील कुमार पीएमश्री विद्यालय पन्हौना में सहायक अध्यापक थे। गुरुवार की शाम कुछ असलहाधारी लोग उनके आवास पर पहुंचे। बदमाशों ने सुनील कुमार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोली लगने से शिक्षक सुनील कुमार, उनकी पत्नी और पांच और डेढ़ साल की बेटियों की मौत हो गई।
घर में नल के पास पति-पत्नी के शव पड़े थे। थोड़ी दूर पर उनके दो मासूम बच्चों की लाश थी। आसपास के लोगों ने चारों लोगों को सीएचसी सिंहपुर ले गए। जहां चिकित्सकों ने चारों लोगों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर कई थानों की पुलिस पहुंची है। फोरेंसिक, सर्विलांस और डॉग स्क्वायड टीमें सबूत खंगाल रही हैं। एसपी अनूप सिंह घटनास्थल पहुंच गए हैं। एएसपी हरेंद्र प्रताप का कहना है कि घटना हुई है। मौके की जांच की जा रही है।
मृतक शिक्षक रायबरेली के गांव सदामापुर थाना गदागंज के रहने वाले थे। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। रायबरेली में मृतक युवक के घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस बल एहतियातन के रूप में यहां आ गया। ग्रामीणों का जमावड़ा भी लग गया।
मृतक सुनील कुमार कुमार के पिता रामगोपाल ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। मजदूरी के बाद वह जैसे ही घर आए उन्हें सूचना मिली कि यह घटना हुई है कि उनके बेटे के साथ-साथ उनकी बहू और बच्चों को मार दिया गया है। रामगोपाल ने बताया कि उनका लड़का पहले ईंट भट्ठे पर ईंट पाथने का काम करता था। नरेगा में काम किया मेहनत मजदूरी की दुकान भी खोली, लेकिन साथ में पढ़ाई भी की। पढ़ाई करके उसने पुलिस की नौकरी भी हासिल की थी। वह एक साल तक पुलिस की नौकरी में रहा। पुलिस की नौकरी में उसका मन नहीं लगा तो उसके बाद उसने सरकारी शिक्षक बनने की ठानी और वह सरकारी शिक्षक बन गया।
रामगोपाल ने बताया कि रायबरेली से उसका लड़का अमेठी अप-डाउन करके नौकरी करता था। यहां पर वह लोग भी आए थे, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। यह वही लोग थे, जो उसे रास्ते में उसके लड़के को परेशान किया करते थे। इसकी शिकायत उनके लड़के ने रायबरेली में भी की थी। इसके बाद उन लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था। उसके बाद उनके लड़के ने अमेठी में जहां वह पढ़ाता था, वही पास में किराये पर कमरा लेकर रहने लगा। आज उन्हें जानकारी मिली कि उनके बेटे बहू और परिवार के साथ कोई दुर्घटना हुई है। पूरे परिवार को गोली मार दी गई है।
सपा की मीडिया सेल ने अमेठी की घटना को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया। लिखा कि सरेशाम घर में घुसकर एक शिक्षक, उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या अंधाधुंध फायरिंग करके कर दी गई। सीएम योगी जो दूसरे प्रदेशों में जाकर सरेआम मंच से यूपी की कानून व्यवस्था का झूठा राग अलापते हैं, वो शर्म करें। यूपी में लगातार जनता जघन्य अपराधों से भयाक्रांत है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि कोई है..कही है...नहीं चाहिए भाजपा।
इस घटना पर यूपी कांग्रेस ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि अमेठी के अहोरवा भवानी कस्बे में बदमाशों ने शिक्षक सुनील कुमार, उनकी पत्नी और दो बच्चों को सरेआम घर में घुसकर गोली मार दी। बदमाशों में इतना दुस्साहस केवल योगी आदित्यनाथ की सरकार में देखने को मिल सकता है। चार-चार बेगुनाहों को मौत के मुंह में धकेलने वाले ये बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं, बल्कि पुलिस को तो यह भी नहीं पता है कि इन अपराधियों ने वारदात को अंजाम क्यों दिया? योगी सरकार ने दिन-रात मेहनत कर के जो जंगलराज कायम किया है, उसमें ऐसे घटनाएं कब थमेंगी, ईश्वर जानें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB
What's Your Reaction?






