राष्ट्रपति चुनाव की डिबेट के बाद बढ़ी विवेक रामास्वामी की लोकप्रियता
पहली डिबेट के बाद रिपब्लिकन उम्मीदवारों में रामास्वामी के बारे में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया। उनके बाद निक्की हेली के बारे में लोग जानना चाहते थे।

वॉशिंगटन। (आरएनआई) हाल ही में अमेरिका के अगले राष्ट्रपति चुनाव में दावेदारी के लिए रिपब्लिकन पार्टी की पहली डिबेट हुई। इस डिबेट के बाद भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी की लोकप्रियता में जबरदस्त उछाल आया है। रिपब्लिकन पार्टी की इस डिबेट में रामास्वामी छा गए और डिबेट के बाद उन्हें मिले चंदे में भी जबरदस्त उछाल आया है। बता दें कि विवेक रामास्वामी ने बुधवार को डिबेट के बाद करीब 4,50,000 डॉलर चंदे की उगाही की।
पहली डिबेट में डोनाल्ड ट्रंप की गैरमौजूदगी में रामास्वामी मजबूती से उभरे। इस दौरान उन पर रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के अन्य दावेदार क्रिस क्रिस्टीज, माइक पेंस और निक्की हेली ने जोरदार हमला बोला। हालांकि इसका रामास्वामी को फायदा मिलता दिख रहा है क्योंकि पहले पोल में 504 प्रतिभागियों में से 28 प्रतिशत ने रामास्वामी का समर्थन किया है। 27 प्रतिशत ने रोन देसांतिस और माइक पेंस को 13 प्रतिशत और निक्की हेली को सात प्रतिशत वोट मिले हैं।
पहली डिबेट के बाद रिपब्लिकन उम्मीदवारों में रामास्वामी के बारे में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया। उनके बाद निक्की हेली के बारे में लोग जानना चाहते थे। हालांकि अभी भी रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप का ही दावा सबसे मजबूत है और वह अन्य प्रतिद्वंदियों से काफी आगे हैं। विवेक रामास्वामी ने दावा किया है कि आने वाले दिनों में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति चुनाव की रेस में सिर्फ वह और डोनाल्ड ट्रंप ही रह जाएंगे।
विवेक रामास्वामी रोइवेंट साइंसेज नामक बायोटेक कंपनी के संस्थापक हैं। भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी की कुल संपत्ति 950 मिलियन यूएस डॉलर आंकी गई है। रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप के बाद वह दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं।
What's Your Reaction?






